मधेपुरा: बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के दिशा-निर्देश पर शिक्षा विभाग मधेपुरा के बैनर तले डायट ट्रेनिंग कॉलेज मधेपुरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में जिले के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्वास्थ्य अनुदेशक बड़ी संख्या में शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) अभिषेक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. डीपीओ अभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में खेल सामग्री की गुणवत्ता में कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित कर खेल के लिए बेहतरीन और उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री क्रय करें. उन्होंने जोर देकर कहा कि अच्छी खेल सामग्री से बच्चों को उचित लाभ मिलेगा और वे शारीरिक रूप से मजबूत बनेंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि इन बच्चों में से ही भविष्य में कई खिलाड़ी निकलेंगे जो अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि शारीरिक शिक्षा का महत्व अन्य विषयों की तरह ही है और यह बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से खेलने के लिए प्रोत्साहित करें और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद करें. इस बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई, जिसमें विद्यालयों में खेल के मैदान की उपलब्धता, खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, और शिक्षकों के प्रशिक्षण जैसे मुद्दे शामिल थे. संभाग प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने भी संबोधित किया और शारीरिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. बैठक में शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार, शारीरिक शिक्षा शिक्षक विमल कुमार भारती, दिलीप कुमार, संजीव कुमार, भीम मालाकार, विमेल कुमार, गुलशन कुमार, गोरी कुमार, प्रदीप कुमार, नीरज कुमार, राकेश कुमार, राहुल कुमार सहित कई अन्य शिक्षक और अनुदेशक मौजूद थे. सभी ने एक स्वर में डीपीओ के विचारों का समर्थन किया और खेल शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









