कुमारखंड: प्रखंड के रानीपट्टी गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक अनोखी पहल की गई है. गुणसागर कुमार ने अपनी मां की दूसरी पुण्य तिथि पर मध्य विद्यालय रानीपट्टी पूर्व के सैकड़ों बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री वितरित की. गुणसागर का कहना है कि पुण्य तिथि पर पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने का यह एक अच्छा तरीका है, जिससे बच्चे शिक्षा के प्रति प्रेरित होंगे और समाज का नाम रोशन करेंगे. गुणसागर ने कहा, "सच्ची श्रद्धांजलि वहीं है जो समाज को एक नई दिशा दें." इस अवसर पर पटना विश्वविद्यालय के शोधार्थी आशीष रंजन ने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित किया और कहा कि पढ़ाई ही जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन करने, अनुशासन अपनाने और शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार मानने की अपील की. कार्यक्रम में बच्चों को कॉपी, पेन आदि शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई. विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी. कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस मौके पर विद्यालय प्राध्यापक संजीव कुमार, शिक्षक प्रशांत कुमार, संजीव कुमार, विद्यालय शिक्षिका रेखा यादव, टोला सेवक, पटना विश्वविद्यालय के शोधार्थी आशीष रंजन, गुणसागर कुमार, रमण कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
(रिपोर्ट:- ईमेल)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









