मधेपुरा: मधेपुरा–सहरसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 107 पर सड़क सुरक्षा को लेकर बरती जा रही लापरवाही एक बार फिर सामने आई है. मठाई और गणेश स्थान के बीच बने डिवाइडर पर रेडियम युक्त संकेतक पट्टी नहीं रहने के कारण मंगलवार देर शाम एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिसमें बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे में माला देवी, पिंकेश ऋषिदेव एवं प्रकाश ऋषिदेव घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर मठाई थाना क्षेत्र के 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा में भर्ती कराया. घायल पिंकेश ऋषिदेव ने बताया कि वह अपनी पत्नी को ससुराल खौपती से लेकर अपने घर रामपट्टी, सिंहेश्वर जा रहे थे. इसी दौरान गणेश स्थान के समीप घना कोहरा होने के कारण सड़क पर बने डिवाइडर का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई. बताया जा रहा है कि हादसे में प्रकाश ऋषिदेव को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज की आवश्यकता बताई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मठाई क्षेत्र के आसपास इससे पूर्व भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक सड़क विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. डिवाइडर पर न तो रेडियम पट्टी लगाई गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे खासकर कोहरे के मौसम में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं से आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और सड़क विभाग से मांग की है कि NH-107 के मठाई से गणेश स्थान तक के हिस्से को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर तत्काल प्रभाव से रेडियम संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
(रिपोर्ट:- सविता नंदन कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









