मधेपुरा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को मधेपुरा पहुंच जायेंगे. उनके दौरे को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है. इस दौरान मुख्यमंत्री कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री सबसे पहले पुलिस लाइन का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद उसी कैंपस में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी भी लेंगे. इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कुल लगभग 301 करोड़ रुपये की योजनाओं से जिले को बड़ी सौगात देंगे. इनमें कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी शामिल है. जिला प्रशासन के मुताबिक करीब 85.71 करोड़ रुपये की लागत वाली 137 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. इनमें पुलिस विभाग से जुड़ी योजनाओं की संख्या सबसे ज्यादा है. इन योजनाओं में मॉडल थाना भवन, महिला पुलिस बैरक समेत कुल 13 परियोजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्रामीण इलाकों में बनने वाली सड़कें और अन्य विकास कार्य भी शामिल हैं.करीब 215.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 158 योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे. इनमें नई पुलिस लाइन का प्रशासनिक भवन, जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में बने बीएससी नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन भी होगा. मधेपुरा और उदाकिशुनगंज न्यायालय परिसर में बने जी-5 भवन, समाहरणालय परिसर का नया सभा भवन, कड़ामा से माली चौक तक सड़क निर्माण और कई पंचायतों में बने पंचायत सरकार भवन और सामुदायिक भवनों का भी उद्घाटन होगा. उद्घाटन से जुड़ी योजनाओं के लिए कार्यक्रम स्थल पर 50 शिलापट्ट लगाए गए हैं. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बीएन मंडल यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होंगे. यहां वे प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं और सात निश्चय योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे. बैठक में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री सभा को संबोधित करेंगे.
(रिपोर्ट:- सुनीत साना)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









