यूपीएससी में 954वीं रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया नाम - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Home Top Ad

Post Top Ad

11 मार्च 2026

यूपीएससी में 954वीं रैंक हासिल कर जिले का बढ़ाया नाम

डेस्क: कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के बल पर एक बेटी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 954वां रैंक हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. सुपौल जिले के सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के भपटियाही पंचायत वार्ड संख्या 09 निवासी मिठाई दुकानदार संजय साह की पुत्री रूबी कुमारी की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. रूबी कुमारी ने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है, जो उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है. उनकी प्रारंभिक शिक्षा मध्य विद्यालय भपटियाही से हुई. इसके बाद उन्होंने बिहारी गुरमैता उच्च माध्यमिक विद्यालय भपटियाही से मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की. इंटरमीडिएट की पढ़ाई बीएन इंटर कॉलेज भपटियाही से पूरी करने के बाद उन्होंने दरभंगा स्थित मारवाड़ी कॉलेज से इतिहास विषय में बीए की परीक्षा भी प्रथम श्रेणी से पास की. उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद रूबी कुमारी ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नोएडा (नई दिल्ली) स्थित दृष्टि आईएएस कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन लिया. 

उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 954वां रैंक हासिल कर लिया. रूबी कुमारी ने बताया कि शादी के बाद भी उन्होंने पढ़ाई जारी रखी. अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार मेहनत करती रही. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और पति को दिया. रूबी की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है. पिता संजय साह, माता सोनिया देवी, पति अनिल कुमार साह, बहन आरती कुमारी, ओम कुमार और सपना कुमारी सहित अन्य परिजनों ने इस सफलता पर गर्व जताया है. रूबी कुमारी की इस सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे सरायगढ़ और भपटियाही प्रखंड को गर्व है. उनकी कहानी उन सभी के लिए प्रेरणा है जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. 
(रिपोर्ट:- सुनीत साना) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages