संकल्प मैत्री फाउंडेशन ने कुमारी मुस्कान को किया सम्मानित - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Home Top Ad

Post Top Ad

14 दिसंबर 2025

संकल्प मैत्री फाउंडेशन ने कुमारी मुस्कान को किया सम्मानित

मधेपुरा: जिले के सामाजिक‑सांस्कृतिक संस्था संकल्प मैत्री फाउंडेशन, मधेपुरा ने रविवार को अपने कार्यालय परिसर में एक गरिमापूर्ण समारोह आयोजित कर कोच शम्भू कुमार एवं कुमारी मुस्कान को सम्मानित किया. मुस्कान ने हाल ही में आयोजित अंतर‑महाविद्यालय स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में चार अलग‑अलग विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर मधेपुरा का गौरव बढ़ाया था. समारोह में संस्था के संस्थापक सुनीत साना ने कहा कुमारी मुस्कान की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से न केवल मधेपुरा बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है. हम उनका सम्मान करके बहुत खुश हैं और भविष्य में भी उनके उज्ज्वल करियर की कामना करते हैं. उन्होंने इस अवसर पर मुस्कान को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया. समारोह में उपस्थित कोच शम्भू कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा हम संस्था के प्रति आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने इस तरह के आयोजन कर प्रतिवहन बच्चों को सम्मानित कर प्रोत्साहन करने का काम किया. इस प्रकार का मंच युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का विश्वास देता है और खेल के क्षेत्र में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है. 


अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने के बाद मुस्कान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा मैंने इस प्रतियोगिता में कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ भाग लिया. सबसे पहले मैं अपने गुरु शुभ कुमार का आभारी हूँ, जिन्होंने मुझे इस लायक बनाया. इस सम्मान के लिए संकल्प मैत्री फाउंडेशन का दिल से धन्यवाद देती हूँ. संकल्प मैत्री फाउंडेशन के सदस्य संतोष कुमार ने बताया कि सामाजिक उन्नति, शिक्षा, कला, खेल आदि क्षेत्रों में युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए संस्था नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहती है. उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच अंतर को कम किया जाए और प्रत्येक युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने का समान अवसर मिले. समारोह में संस्था के सदस्य नीतेश कुमार ने कहा भविष्य में भी इस तरह के सम्मान समारोह जारी रखे जाएंगे, ताकि युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता रहे और वे अपने सपनों को साकार कर सकें. 

बता दें कि मुस्कान ने चार अलग‑अलग खेल विधाओं जैसे 100 मीटर दौड़, लंबी जंप, शॉट पुट और रिले रेस में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इस सफलता से न केवल मधेपुरा के विद्यालयों में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा, बल्कि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी. समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ मुस्कान को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और संकल्प मैत्री फाउंडेशन के इस पहल की सराहना की. 
(रिपोर्ट:- गरिमा उर्विशा) 
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages