गोपाष्टमी महोत्सव में इन कलाकारों की होनी है प्रस्तुति - मधेपुरा खबर Madhepura Khabar

Home Top Ad

Post Top Ad

13 दिसंबर 2025

गोपाष्टमी महोत्सव में इन कलाकारों की होनी है प्रस्तुति

मधेपुरा: कला एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन मधेपुरा तथा गोशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें महोत्सव का प्रथम चरण 11 से 16 दिसंबर तक चलेगा, जहां प्रतिदिन विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं. प्रत्येक दिन की शुरुआत सायं 4 बजे स्थानीय स्कूली छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हो रही है. इनमें लोकनृत्य, भजन, कोरियोग्राफ्ड मंचन और सामूहिक गायन शामिल है. इसके बाद सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक कोलकाता की सुप्रसिद्ध कृष्णलीला समिति द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का भव्य मंचन किया जा रहा है. 


वहीं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी आम्रपाली कुमारी ने बताया कि कोलकाता की कृष्णलीला कलाकारों द्बारा कृष्ण लीला की प्रस्तुति दी जा रही है. जिसके लिए मंच सज्जा, ध्वनि‑प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि दर्शक बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम का आनंद उठा सकें. उन्होंने कहा महोत्सव का मुख्य समारोह 18 से 20 दिसंबर तक आयोजित होगा. 18 दिसंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. इस दौरान जिलेभर से हजारों श्रद्धालु, कला प्रेमी और ग्रामीण‑शहरी क्षेत्रों के लोग जुटने की संभावना है. जिला प्रशासन ने सभी से अपील की है कि वे इस महोत्सव में सम्मिलित होकर इसकी भव्यता और गरिमा को बढ़ाएं. 


समिति ने पिछले दिनों आयोजित बैठक में निर्णय लिया है कि बिहार के लोक गायक एवं बिहार के प्रसिद्ध कलाकारों को ही मंच दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को बिहार की लोक सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया जा सके. कलाकारों के चयन की प्रक्रिया चल रही है कलाकारों का चयन होते ही प्रचार‑प्रसार के लिए तीन दिनों के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी शीघ्र ही सार्वजनिक की जाएगी.

(रिपोर्ट:- गरिमा उर्विशा)

पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....

Post Bottom Ad

Pages