उदाकिशुनगंज: नगर परिषद की समस्याओं को लेकर डिप्टी चेयरमैन मिकी कुमारी ने मुख्य पार्षद को पत्र लिखा है. पत्र में शौचालय निर्माण, पिंक टॉयलेट, नाला निर्माण, अशोक सम्राट भवन निर्माण, एमआरएफ कचरा निस्तारण केंद्र, हिन्दू मुक्तिधाम, बस स्टैंड निर्माण, नगर स्थापना कार्यालय, जन्म प्रमाण एवं मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी समस्याओं का उल्लेख किया गया है. डिप्टी चेयरमैन मिकी कुमारी ने पत्र में कहा है कि इन समस्याओं को लेकर वे कई बार बैठक में चर्चा कर चुकी हैं और संबंधित अधिकारियों को अवगत करा चुकी हैं, लेकिन अभी तक इनका समाधान नहीं हुआ है. उन्होंने मुख्य पार्षद से अनुरोध किया है कि वे इन विषयों पर ध्यान आकृष्ट करें और जनता को सुविधा प्रदान करने में मदद करें. नगर परिषद उदाकिशुनगंज की इन समस्याओं का समाधान होना बहुत जरूरी है, क्योंकि इनके कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शौचालय निर्माण नहीं होने से महिलाओं और स्कूली छात्रों को परेशानी हो रही है, तो वहीं हिंदू मुक्तिधाम नहीं रहने से भूमिहीन परिवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. मुख्य बाजार में नाला निर्माण नहीं होने से जल जमाव की समस्या बनी रहती है, जिससे नगर की सुंदरता और स्वच्छता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. इसके अलावा, कचरा निस्तारण केंद्र नहीं होने से कचरा के कारण बीमारियां फैल रही हैं. अशोक सम्राट भवन निर्माण में लापरवाही हो रही है, जिससे इसका लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है. सरकारी स्कूलों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. नगर परिषद उदाकिशुनगंज की इन समस्याओं का समाधान करने के लिए मुख्य पार्षद को जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए. डिप्टी चेयरमैन मिकी कुमारी ने भी इस संबंध में कई बार अनुरोध किया है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
(रिपोर्ट:- सोनू कुमार)
पब्लिसिटी के लिए नहीं पब्लिक के लिए काम करना ही पत्रकारिता है....









